-भोटेकोशी बाढ़ में मधेश प्रदेश के 41 लोग लापता, परसा के सबसे अधिक 16
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। नेपाल के रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ के बाद मधेश प्रदेश के अलग-अलग जिलों के 41 लोग संपर्क से बाहर हैं। इन लोगों के परिवारों में चिंता का माहौल है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां संपर्क से बाहर लोगों की स्थिति का पता लगाने के लिए तलाश अभियान चला रही हैं।
पुलिस के अनुसार, बाढ़ प्रभावित रसुवा क्षेत्र में परसा जिले के सबसे अधिक 16 लोग संपर्क से बाहर हैं। इसके अलावा महोत्तरी के 11, सर्लाही के छह, बारा और सप्तरी के तीन-तीन तथा रौतहट के दो लोगों के संपर्क में नहीं होने की जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि ये लोग रोजगार और व्यापार के सिलसिले में रसुवा पहुंचे थे। भोटेकोशी नदी में अचानक आई बाढ़ के बाद क्षेत्र में संचार व्यवस्था प्रभावित होने से उनका परिवार और रिश्तेदारों से संपर्क टूट गया। काफी समय से संपर्क नहीं होने के कारण परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है।
भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ से रसुवा के विभिन्न इलाकों में बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में खोज, बचाव और राहत कार्य के लिए सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। स्थानीय प्रशासन और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों की टीमें संपर्क से बाहर लोगों की तलाश में जुटी हैं।
पुलिस के मुताबिक, लापता अथवा संपर्क से बाहर लोगों के संबंध में अतिरिक्त जानकारी जुटाई जा रही है। सर्च ऑपरेशन तेज कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सभी 41 लोग सुरक्षित हैं या बाढ़ की चपेट में आए हैं। उनके परिजन जल्द उनके सुरक्षित होने की सूचना मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।












