बेनीबाद थाना क्षेत्र के नाज़िरपुर में नदी से बालक का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस
गायघाट/मुजफ्फरपुर | दीपक कुमार।
मुजफ्फरपुर जिले के बेनीबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत नाज़िरपुर गांव में शनिवार को एक बालक का शव नदी से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
मृतक की पहचान सन्नी कुमार (पिता- कैलाश राम) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद बेनीबाद थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल बालक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












