Advertisement

बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर डॉ. मदन मोहन झा ने जताई चिंता, कहा – “अपराधियों का राज चला रहा है”

-बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर डॉ. मदन मोहन झा ने जताई चिंता, कहा – “अपराधियों का राज चला रहा है”

दरभंगा | 23 जून 2025

पूर्व कैबिनेट मंत्री व विधान परिषद में कांग्रेस दल के नेता डॉ. मदन मोहन झा ने सोमवार को दरभंगा में राज्य में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि “लूट, डकैती, बलात्कार और हत्या की घटनाओं से न केवल दरभंगा, बल्कि पूरा बिहार भयभीत है।”

अपने गृह ज़िला दरभंगा आगमन के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए डॉ. झा ने राज्य की डबल इंजन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराधियों का मनोबल सातवें आसमान पर है और शासन-प्रशासन पूरी तरह विफल हो चुका है।

उन्होंने जिक्र किया कि शनिवार को दरभंगा के जाले क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई, जो एक अत्यंत शर्मनाक और हृदयविदारक घटना है। उन्होंने पीड़िता के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी व कड़ी सजा की मांग की।

इसी दिन बेलही गांव में भी दो दर्जन अपराधियों द्वारा डकैती की बड़ी घटना को अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि यह घटनाएं दर्शाती हैं कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।

डॉ. झा ने कहा कि बिहार में आए दिन हो रही हत्या, लूट, बलात्कार और डकैती की घटनाओं से आम जनमानस में भय और असुरक्षा का माहौल है। उन्होंने राज्य सरकार से अपील की कि वह कानून-व्यवस्था पर ध्यान केंद्रित करे और जनता को सुरक्षा प्रदान करे।

उल्लेखनीय है कि डॉ. झा दरभंगा में 24 जून को आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे। इस अवसर पर उनके साथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष दयानंद पासवान, पूर्व जिलाध्यक्ष सीताराम चौधरी, ज़िला प्रवक्ता मो. असलम, प्रतिभा सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।