-ग्रामीण विकास की जमीनी हकीकत जानेंगे बीपीएससी के 55 प्रशिक्षु अधिकारी
-जीविका दीदियों के साथ करेंगे ग्राम प्रवास
-सात दिवसीय विलेज इमर्शन कार्यक्रम शुरू -मुशहरी और मड़वन प्रखंड में पांच दिनों तक करेंगे क्षेत्रीय भ्रमण
मुजफ्फरपुर, 23 नवंबर। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से विभिन्न पदों पर चयनित 55 प्रशिक्षु अधिकारियों के चौथे फाउंडेशन बैच के लिए मुजफ्फरपुर में सात दिवसीय एक्सपोजर कम विलेज इमर्शन कार्यक्रम की शुरुआत सोमवार को हुई। जीविका, मुजफ्फरपुर के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षु अधिकारियों को ग्रामीण समाज की वास्तविक परिस्थितियों, विकास की चुनौतियों और सरकारी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन से रूबरू कराना है।
कार्यक्रम के पहले दिन एक स्थानीय होटल में परिचय एवं प्रारंभिक ब्रीफिंग सत्र आयोजित किया गया। इसमें जीविका की ओर से प्रशिक्षु अधिकारियों को बिहार में ग्रामीण विकास के क्षेत्र में जीविका की भूमिका, संस्थागत संरचना और विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान स्वयं सहायता समूहों के गठन एवं संचालन, ग्राम संगठन, संकुल स्तरीय संघ, महिला सशक्तीकरण, वित्तीय समावेशन और ग्रामीण आजीविका संवर्धन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

जीविका के प्रबंधकों ने बताया कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ सामाजिक बदलाव, सामुदायिक नेतृत्व और निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। महिला उद्यमिता, स्वरोजगार और आयवर्धक गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के प्रयासों से भी प्रशिक्षु अधिकारियों को अवगत कराया गया।
प्रारंभिक ब्रीफिंग के बाद बिपार्ड, गया से आए सभी 55 प्रशिक्षु अधिकारी जिले के मुशहरी और मड़वन प्रखंड में पांच दिनों तक क्षेत्रीय भ्रमण एवं ग्राम प्रवास करेंगे। इस दौरान वे जीविका दीदियों के साथ रहकर ग्रामीण जीवनशैली, स्वयं सहायता समूहों की कार्यप्रणाली और विभिन्न आजीविका गतिविधियों को करीब से समझेंगे। साथ ही ग्रामीण परिवारों से सीधा संवाद कर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, स्थानीय जरूरतों और विकास की राह में आने वाली चुनौतियों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करेंगे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में डीपीएम अनीशा ने प्रशिक्षु अधिकारियों का स्वागत करते हुए जीविका की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन संचार प्रबंधक राजीव रंजन ने किया। इस दौरान मसरूर अहमद, बृजेश कुमार, अजित कुमार सहित कई प्रशिक्षु अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों के प्रशासनिक प्रशिक्षण को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने वाली इस पहल से उन्हें ग्रामीण समाज की सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों को समझने का अवसर मिलेगा। साथ ही भविष्य में प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन के दौरान अधिक संवेदनशील, सहभागी और जनोन्मुखी दृष्टिकोण विकसित करने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम का समापन 28 नवंबर को होगा। इसके बाद सभी प्रशिक्षु अधिकारी बिपार्ड, गयाजी लौट जाएंगे।












