Advertisement

नीट पेपर लीक और लाठीचार्ज के विरोध में मुजफ्फरपुर बंद, डीएम ऑफिस पर प्रदर्शन; सुरक्षा के कड़े इंतजाम

-नीट पेपर लीक और लाठीचार्ज के विरोध में मुजफ्फरपुर बंद, डीएम ऑफिस पर प्रदर्शन; सुरक्षा के कड़े इंतजाम

मुजफ्फरपुर। नीट पेपर लीक मामले और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को मुजफ्फरपुर में बिहार बंद का व्यापक असर देखने को मिला। बंद के समर्थन में विभिन्न विपक्षी दलों और राजद कार्यकर्ताओं ने शहर में जुलूस और विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने डीएम कार्यालय के बाहर भी विरोध प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई।
सुबह से ही कलेक्ट्रेट गेट से लेकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर प्रदर्शनकारियों की आवाजाही बनी रही। बंद के दौरान कई स्थानों पर नारेबाजी और विरोध मार्च निकाले गए, जिससे शहर में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं।


स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर भारी संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई। पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वयं शहर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे और अधिकारियों व जवानों को पूरी सतर्कता एवं संयम के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया।
कंट्रोल रूम से शहर की गतिविधियों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई। वहीं ड्रोन कैमरों की मदद से भी संवेदनशील इलाकों पर नजर रखी गई। वायरलेस नेटवर्क के जरिए प्रत्येक घंटे शहर की स्थिति की रिपोर्ट ली जाती रही, ताकि किसी भी अप्रिय घटना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
संभावित तोड़फोड़ या कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। हालांकि पूरे दिन पुलिस की सक्रिय निगरानी के बीच शहर में स्थिति नियंत्रण में रही।