Advertisement

दिल्ली-पटना में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन, डीएम कार्यालय के समक्ष जताया आक्रोश

-दिल्ली-पटना में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन, डीएम कार्यालय के समक्ष जताया आक्रोश

मुजफ्फरपुर। दिल्ली में संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज तथा पटना में छात्र आंदोलन पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में शनिवार को ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) और ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक यूथ ऑर्गेनाइजेशन (AIDYO) के संयुक्त तत्वावधान में विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने शहीद खुदीराम बोस स्मारक स्थल से प्रतिरोध मार्च निकालकर जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष सभा आयोजित की।
जुलूस सरैयागंज टॉवर होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान “इंकलाब जिंदाबाद”, “एनटीए को समाप्त करो”, “लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बंद करो”, “छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करो”, “घायल छात्र-छात्राओं के समुचित इलाज की व्यवस्था करो” तथा “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” जैसे नारे लगाए गए।


सभा को संबोधित करते हुए AIDSO के जिला अध्यक्ष शिव कुमार ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकारें छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में संसद मार्च के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस का प्रयोग और छात्राओं के साथ अमर्यादित व्यवहार किया गया। साथ ही आंदोलन में भागीदारी रोकने के लिए मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं पर भी प्रतिबंध लगाए गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पटना में शांतिपूर्ण छात्र आंदोलन पर भी पुलिस ने बल प्रयोग किया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा छात्र आंदोलन की शुरुआती जीत है और सार्वजनिक शिक्षा की रक्षा तथा एनटीए को समाप्त करने की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा।
AIDYO के अखिल भारतीय कमिटी सदस्य अरविंद कुमार ने कहा कि छात्र और युवा दमन से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जितना अधिक दमन होगा, छात्र-युवा आंदोलन उतना ही व्यापक और मजबूत होगा। उन्होंने शिक्षा, रोजगार और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए सभी छात्रों और युवाओं से संगठित होकर आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला कमिटी सदस्य अभिषेक कुमार, कोमल कुमारी, अली अख्तर, बबली, रजत कुमार, डॉली, सत्यम कुमार, करण कुमार, आयुष सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा और संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।