-तेपरी पंचायत को मिला टीबी मुक्त पंचायत का दर्जा
-बाकी पंचायतों में जारी है अभियान
मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक।
बिहार सरकार के टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत मुजफ्फरपुर जिले के बन्दरा प्रखंड की तेपरी पंचायत को टीबी मुक्त पंचायत घोषित किया गया है। यह उपलब्धि स्वास्थ्य विभाग, स्थानीय प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है।
बन्दरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नौशाद अहमद ने जानकारी देते हुए बताया कि “किसी क्षेत्र को तब टीबी मुक्त माना जाता है, जब वहां प्रति एक हजार की आबादी पर एक या शून्य मरीज मिलते हैं।” इसी मानक पर तेपरी पंचायत को टीबी मुक्त घोषित किया गया है।

डॉ. अहमद ने बताया कि प्रखंड की बाकी पंचायतों को भी टीबी मुक्त घोषित करने के लिए लगातार जागरूकता अभियान, स्क्रीनिंग, जांच और इलाज की प्रक्रिया तेज़ी से चल रही है। आशा कार्यकर्ता, एनजीओ और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम घर-घर जाकर लोगों की जांच कर रही है और जरूरतमंदों को त्वरित इलाज भी मुहैया कराया जा रहा है।
इस सफलता के लिए स्थानीय स्वास्थ्यकर्मियों, जनप्रतिनिधियों और समुदाय का सहयोग सराहनीय रहा है। टीबी जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से समाप्त करने की दिशा में यह एक प्रेरणादायक कदम है।l











