Advertisement

तेज रफ्तार हाइवा ने बैलगाड़ी में मारी टक्कर, अधेड़ की मौत; दो बैल भी मरे

चंपारण की खबर::

-तेज रफ्तार हाइवा ने बैलगाड़ी में मारी टक्कर, अधेड़ की मौत, दो बैल भी मरे

मोतिहारी/ राजन द्विवेदी।

स्थानीय मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में अहले सुबह तेज रफ्तार हाइवा ने बांस से लदे एक बैलगाड़ी में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में
बैलगाड़ी के चालक और दो बैल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, एक व्यक्ति गंभीर रुप से जख्मी हो गया। जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पहुंचे स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया। सूचना पर मुफ्फसिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा बुझाकर जाम हटवाया। मृतक की पहचान मच्छहां गांव के रहने वाले हकीम प्रसाद के रुप में हुई है। वहीं जख्मी अवधेश राम का इलाज चल रहा है। वह हकीम प्रसाद का मजदूर था। घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अगरवा मसान चौक के पास की है। जानकारी के अनुसार हकीम प्रसाद प्रत्येक दिन बैलगाड़ी से बांस लेकर मोतिहारी आकर उसे बेचा करते थे। शुक्रवार को भी वह बैलगाड़ी पर बांस लेकर अपने मजदूर अवधेश राम के साथ मोतिहारी आ रहे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार हाइवा ने बैलगाड़ी में टक्कर मार दी। इस घटना में हकीम प्रसाद और उनके दो बैलों की मौत हो गई। जबकि मजदूर अवधेश राम जख्मी हो गया। टक्कर मारने के बाद हाइवा पलट गई और ड्राइवर फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और मुआवजा की मांग को लेकर मोतिहारी-पकड़ीदयाल रोड को जाम कर दिया। जानकारी मिलने पर मुफ्फसिल थाना पुलिस पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इस संबंध में मुफस्सिल थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों को समझा बुझाकर जाम हटवाया. शव को कब्जा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हाइवा का ड्राइवर फरार है। उसकी पहचान की जा रही है। हाइवा घटनास्थल पर ही पलटा हुआ है, जिसके लिए चौकीदार को प्रतिनियुक्त कर उसे जब्त कर लिया गया है।