Advertisement

अघोरिया बाजार के आइस कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस का रिसाव, मची अफरातफरी

-अघोरिया बाजार के आइस कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस का रिसाव, मची अफरातफरी

मुजफ्फरपुर।काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के अघोरिया बाजार स्थित आइस कोल्ड स्टोरेज में रविवार को अचानक अमोनिया गैस का रिसाव होने से इलाके में अफरातफरी मच गई। गैस रिसाव तेजी से बढ़ने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में घबराहट का माहौल बन गया। सूचना पर अग्निशमन विभाग की टीम दो दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची। हालांकि, दमकल टीम के पहुंचने से पहले ही कोल्ड स्टोरेज के कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए गैस के रिसाव को बंद कर दिया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बताया गया कि कोल्ड स्टोरेज में प्रशीतन के लिए अमोनिया गैस का इस्तेमाल किया जाता है। गैस का रिसाव होने के बाद इसकी तीखी गंध आसपास के क्षेत्र में फैल गई, जिससे लोगों में दहशत की स्थिति पैदा हो गई। अमोनिया गैस हवा में घुलने पर आंखों में तेज जलन और सांस लेने में गंभीर परेशानी पैदा कर सकती है। अधिक मात्रा में इसके संपर्क में आने पर फेफड़ों पर असर पड़ने और दम घुटने का खतरा भी रहता है।


अघोरिया बाजार जैसे घनी आबादी वाले इलाके में कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस का रिसाव सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय माना जा रहा है। ऐसी स्थिति में बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी वाले लोगों के लिए खतरा अधिक हो सकता है। यदि गैस का रिसाव लंबे समय तक जारी रहता तो सघन आबादी के कारण राहत और बचाव कार्य में भी मुश्किलें आ सकती थीं।
घटना के बाद कोल्ड स्टोरेज की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। प्रतिष्ठान के एनओसी, सुरक्षा उपकरण, गैस डिटेक्शन सिस्टम और आपातकालीन सुरक्षा इंतजामों की जांच की जरूरत बताई जा रही है। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि घनी आबादी वाले क्षेत्र में कोल्ड स्टोरेज के संचालन के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं। फिलहाल गैस रिसाव बंद होने के बाद स्थिति सामान्य बताई जा रही है और किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।