-एनएच किनारे अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका में जांच शुरू
मुजफ्फरपुर। जिले के कांटी थाना क्षेत्र में रविवार को एनएच किनारे नेता चौक के समीप एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर कांटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। पुलिस मृतका की पहचान करने के साथ-साथ मौत के कारणों की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर नेता चौक के पास से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों की नजर सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में पड़े महिला के शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना कांटी थाना पुलिस को दी। मृतका की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कई लोगों ने आशंका जताई कि महिला की हत्या कहीं और करने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को नेता चौक के पास लाकर फेंका गया है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल इस संबंध में किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव बाहर से लाकर यहां फेंका गया या घटना स्थल पर ही महिला की मौत हुई।
कांटी थानाध्यक्ष ने बताया कि नेता चौक के समीप से एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस मृतका की पहचान कराने के लिए उसके हुलिये के आधार पर आसपास के थानों से संपर्क कर रही है। साथ ही हाल के दिनों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












