-बरौनी में सब-जूनियर बिहार महिला फुटबॉल टीम का चयन ट्रायल आयोजित
बेगूसराय। यमुना भगत स्टेडियम, खेलगांव बरौनी में रविवार, 9 अगस्त को सब-जूनियर बिहार महिला फुटबॉल टीम के चयन के लिए ट्रायल आयोजित किया गया। बिहार फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस चयन ट्रायल में बिहार के विभिन्न जिलों से करीब 100 बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

चयन प्रक्रिया में महिला फुटबॉल बिहार की संयोजक असगर हुसैन, अंशा कुमारी, पिंकी कुमारी, जूली कुमारी, बेबी कुमारी, रोहित कुमार, संजीव कुमार सिंह मुन्ना, एएम नाजिर हुसैन सहित अन्य पदाधिकारी एवं चयनकर्ता मौजूद रहे।
चयन ट्रायल बिहार फुटबॉल एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष एवं बेगूसराय फुटबॉल संघ के सचिव मनोज कुमार शर्मा की निगरानी में संपन्न हुआ। इस दौरान खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा, तकनीक और प्रदर्शन के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की गई।
मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि खिलाड़ियों के रहने और भोजन की व्यवस्था बेगूसराय फुटबॉल संघ की ओर से की गई है। उन्होंने बताया कि 10 अगस्त को यमुना भगत स्टेडियम में जूनियर बालिका फुटबॉल टीम के लिए भी चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस तरह के चयन ट्रायल से बिहार की प्रतिभाशाली महिला फुटबॉल खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिलेगा।












