Advertisement

मेदिनीपुर से मुजफ्फरपुर तक चले शहीद खुदीराम बोस एक्सप्रेस, ग्रामीणों ने मंत्रियों को सौंपा ज्ञापन

-मेदिनीपुर से मुजफ्फरपुर तक चले शहीद खुदीराम बोस एक्सप्रेस, ग्रामीणों ने मंत्रियों को सौंपा ज्ञापन

मुजफ्फरपुर। अमर बलिदानी खुदीराम बोस की स्मृतियों को मेदिनीपुर और मुजफ्फरपुर से जोड़ने के उद्देश्य से बंगाल के मेदिनीपुर से मुजफ्फरपुर तक शहीद खुदीराम बोस एक्सप्रेस चलाने की पहल की जाएगी। इस मांग को लेकर खुदीराम बोस के गांव के ग्रामीणों ने जल शक्ति राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी और पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता से मुलाकात कर उन्हें मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
खुदीराम बोस पर शोध करने वाले अरिंदम भौमिक के साथ ग्रामीणों ने अतिथि गृह में दोनों मंत्रियों से मुलाकात की। ज्ञापन में मेदिनीपुर से मुजफ्फरपुर तक खुदीराम बोस के नाम पर ट्रेन चलाने के साथ-साथ उस ऐतिहासिक लकड़ी के कठघरे को संरक्षित करने की मांग की गई, जहां मुकदमे की सुनवाई के दौरान खुदीराम बोस खड़े हुए थे। दोनों मंत्रियों ने ग्रामीणों को इन मांगों को लेकर आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान खुदीराम बोस की स्मृतियों से जुड़ी पवित्र मिट्टी और मिदनापुर स्थित सिद्धेश्वरी काली माता का चरणामृत भी पश्चिम बंगाल से मुजफ्फरपुर लाया गया। बताया गया कि मिट्टी उस विद्यालय के खेल मैदान की है, जहां खुदीराम बोस ने बचपन में शिक्षा प्राप्त की थी।

यह मिट्टी मिदनापुर कॉलेजिएट स्कूल की प्रधानाध्यापिका हिमानी पार्या ने शोधकर्ता अरिंदम भौमिक को सौंपी। उस समय इस विद्यालय का नाम हेमिल्टन स्कूल था, जिसे अब कॉलेजिएट स्कूल के नाम से जाना जाता है।
इसके साथ ही मिदनापुर स्थित सिद्धेश्वरी काली मां के मंदिर से विशेष पूजा के बाद पवित्र चरणामृत भी मुजफ्फरपुर लाया गया। मंदिर प्रबंधन की ओर से हिमाद्री चट्टोपाध्याय ने चरणामृत सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि खुदीराम बोस की स्मृतियों से जुड़ी इन पवित्र वस्तुओं को उनके फांसी स्थल और चिताभूमि पर अर्पित किया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि मेदिनीपुर और मुजफ्फरपुर के बीच रेल सेवा शुरू होने से दोनों स्थानों के बीच अमर बलिदानी खुदीराम बोस से जुड़ा ऐतिहासिक और भावनात्मक संबंध और मजबूत होगा। साथ ही ऐतिहासिक कठघरे के संरक्षण से आने वाली पीढ़ियों को स्वतंत्रता संग्राम के इस महान बलिदानी की शहादत और संघर्ष से जुड़े महत्वपूर्ण इतिहास को जानने का अवसर मिलेगा।