-कांटी में दोहरे हत्याकांड से सनसनी: महिला के बाद छह वर्षीय बेटे का भी शव बरामद, मुख्य आरोपी अब भी फरार
मुजफ्फरपुर, कांटी। कांटी थाना क्षेत्र के नगर परिषद स्थित नेता चौक के समीप महिला की हत्या के मामले ने अब दोहरे हत्याकांड का रूप ले लिया है। महिला का शव मिलने के छह दिन बाद उसका लापता छह वर्षीय बेटा भी मृत अवस्था में बरामद हुआ है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि मृतका के परिजन गहरे सदमे और दहशत में हैं।
जानकारी के अनुसार, बीते रविवार को झाड़ियों से एक महिला का शव बरामद हुआ था। उसकी पहचान नरसंडा निवासी विनोद साह की 25 वर्षीय पुत्री मंजू देवी के रूप में हुई थी। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने विशुनपुर सुमेर निवासी हरि पासवान के पुत्र विकास पासवान पर मंजू देवी की हत्या और उसके बेटे के लापता होने का आरोप लगाते हुए कांटी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने लापता छह वर्षीय आर्यन कुमार की तलाश शुरू की थी, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस बीच पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी के पिता हरि पासवान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।
शनिवार की शाम नेता चौक के समीप झाड़ियों से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने तलाश की तो वहां बच्चे का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। सूचना मिलने पर कांटी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस समय मंजू देवी की हत्या की गई, उसी समय उसके बेटे की भी हत्या कर शव झाड़ियों में फेंक दिया गया होगा। कई दिनों तक शव झाड़ियों में पड़ा रहने के कारण उसमें दुर्गंध फैलने के बाद मामले का खुलासा हुआ।
कांटी थानाध्यक्ष रविकांत पाठक ने बताया कि मुख्य आरोपी विकास पासवान की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मृतका के परिजनों के बयान के आधार पर मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है और सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है।
इस दोहरे हत्याकांड से इलाके में भय का माहौल है। वहीं मृतका के परिजन न्याय की मांग करते हुए जल्द से जल्द मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।













