-जागरूकता शिविर, महिलाओं को सुरक्षित बैंकिंग की दी गई जानकारी
-वित्तीय साक्षरता से आत्मनिर्भर बनेंगी महिलाएं, साइबर धोखाधड़ी से बचाव के बताए गए उपाय
मुजफ्फरपुर।जिले के बोचहां में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की ओर से वित्तीय समावेश विशेष अभियान 6.0 के तहत एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। इस दौरान उन्हें बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय प्रबंधन, बचत और सरकारी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक ने कहा कि वित्तीय साक्षरता और बैंकिंग की अच्छी आदतें महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने महिलाओं से बैंकिंग सेवाओं का सही तरीके से उपयोग करने और बचत की आदत विकसित करने की अपील की।
शिविर के दौरान बैंक अधिकारियों ने महिलाओं की बैंकिंग से जुड़ी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया। महिलाओं को बैंक खातों में नामांकित व्यक्ति (नॉमिनी) का नाम अपडेट कराने, लंबे समय से बंद खातों को दोबारा चालू कराने और ई-केवाईसी की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का सुरक्षित इस्तेमाल करने के तरीके भी बताए गए।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री जन-धन योजना और सरकार की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा बीमा योजनाओं के लाभों पर विशेष जोर दिया गया। बैंक अधिकारियों ने महिलाओं को इन योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि नियमित बचत और उपयुक्त बीमा योजनाओं के माध्यम से महिलाएं अपने और अपने परिवार के भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित बना सकती हैं।
डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते इस्तेमाल को देखते हुए साइबर धोखाधड़ी से बचाव के लिए भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की गोपनीय जानकारी, पासवर्ड या मोबाइल पर आने वाला ओटीपी साझा नहीं करना चाहिए। किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान कॉल पर बैंकिंग संबंधी जानकारी देने से भी बचने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर एसबीआई के एजीएम रवि प्रकाश, आईडीएम सतीश कुमार, आलोक कुमार, ऐश्वर्या कुमारी, सुशील कुमार, वरुण कुमार, विपुल कुमार और जितेंद्र कुमार उपस्थित रहे। स्थानीय सीएसपी संचालक अनामिका कुमारी, संजय कुमार, गौतम कुमार, नितिन कुमार और धनंजय कुमार सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों का बुके और शॉल देकर स्वागत किया गया।
शिविर का उद्देश्य महिलाओं को वित्तीय सेवाओं के प्रति जागरूक करना, बैंकिंग संबंधी समस्याओं के समाधान में सहायता देना और उन्हें सुरक्षित डिजिटल लेनदेन के लिए सक्षम बनाना रहा।












