Advertisement

जनसेवा एक्सप्रेस में सांप दिखाकर यात्रियों से पैसे मांग रहे 6 सपेरे पकड़े गए

-जनसेवा एक्सप्रेस में सांप दिखाकर यात्रियों से पैसे मांग रहे 6 सपेरे पकड़े गए

हाजीपुर, 2 अक्टूबर। पूर्व मध्य रेल के सोनपुर मंडल में जनसेवा एक्सप्रेस के साधारण कोच में सांप दिखाकर यात्रियों से पैसे मांगने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (रेसुब) ने छह सपेरों को पकड़ा। सभी को दिघवारा स्टेशन पर ट्रेन से उतारकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
प्राप्त रेल मदद सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए रेसुब सोनपुर आउट पोस्ट दिघवारा के उप निरीक्षक शमशेर कुमार एवं सहायक उप निरीक्षक विजय कुमार ट्रेन की निगरानी कर रहे थे। छपरा स्टेशन से ट्रेन के रवाना होने के बाद साधारण कोचों की जांच के दौरान छह व्यक्तियों को सांप दिखाकर यात्रियों से पैसे मांगते हुए पाया गया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए गाड़ी के सोनपुर मंडल में अगले ठहराव दिघवारा स्टेशन पर सभी छह व्यक्तियों को ड्यूटी पर तैनात बल सदस्यों की सहायता से ट्रेन से उतारा गया। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना नाम-पता स्पष्ट रूप से नहीं बताया। उन्होंने अलग-अलग स्थानों, जिनमें लखनऊ और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं, का निवासी होने की जानकारी दी। रेलवे द्वारा उनके नाम-पते का सत्यापन कराया जा रहा है।
रेलवे ने वन विभाग से भी समन्वय स्थापित किया है। संबंधित प्रावधानों के तहत आवश्यक विधिसम्मत कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में सांप दिखाकर पैसे मांगने की घटना सामने आने पर तत्काल शिकायत करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।