-चंदनबारा 10+2 स्कूल के प्रधानाध्यापक का राज्य के मॉड्यूल टीम में चयन
-जिले वासियों और शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
पूर्वी चंपारण जिले के शिक्षा जगत के लिए गौरव का पल है । पूर्वी चंपारण के चंदनबारा 10+2 स्कूल के प्रधानाध्यापक राजीव कुमार झा को राज्य सरकार के प्रस्तावित मॉडल स्कूल के लिए बिहार राज्य की ‘मॉड्यूल टीम’ में विशेष रूप से चयनित किया गया है। वे अब पटना में चल रहे राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में पूरे बिहार के शिक्षकों को “निपुण भारत मिशन और आधुनिक शिक्षण पद्धति” का माड्यूल बनाएंगे।
जिले से एकमात्र शिक्षक के रूप में चयनित होना उनकी शिक्षण क्षमता, नवाचार और लगन का बड़ा प्रमाण है। मॉड्यूल टीम का काम राज्य स्तर पर शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण मॉड्यूल तैयार करना और उन्हें क्लासरूम में लागू करने के व्यावहारिक तरीके सिखाना है।

उन्होंने पटना में हुई बैठक में प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने गतिविधि आधारित अधिगम, बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ाने के तरीके, फ्लैश कार्ड और समूह गतिविधियों पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि कैसे कम संसाधनों में भी रोचक क्लास ली जा सकती है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि जिले के शिक्षक का राज्य स्तरीय टीम में पहुंचना पूरे पूर्वी चंपारण के लिए प्रेरणा है। इससे जिले की शिक्षा गुणवत्ता में सुधार होगा और अन्य शिक्षकों को भी आगे बढ़ने का हौसला मिलेगा।
स्कूल के शिक्षकों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं ने प्रधानाध्यापक राजीव झा को बधाई दी है । उनका कहना है कि इस चयन से चंदनबारा मॉडल स्कूल की पहचान और मजबूत होगी। अब जिले के बच्चों को भी नवाचारी और बेहतर पढ़ाई का लाभ मिलेगा।











