-गायघाट के बठवारा में भीषण अगलगी, चार घर जलकर राख; लाखों की संपत्ति का नुकसान
दीपक कुमार/गायघाट/मुजफ्फरपुर। जिले के गायघाट प्रखंड अंतर्गत बेनीबाद थाना क्षेत्र के बठवारा गांव में भीषण अगलगी की घटना में चार घर जलकर राख हो गए। इस अग्निकांड में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। घटना के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने का संकट खड़ा हो गया है।
अग्निकांड से प्रभावित परिवारों में रामसुंदर यादव, मीना देवी, उषा देवी और तारा देवी शामिल हैं। आग की चपेट में आने से चारों परिवारों के घरों को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद पीड़ित परिवारों के बीच अफरातफरी का माहौल बन गया।

अगलगी की सूचना मिलने पर पंचायत समिति पति विजय कुमार राय मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ितों को सांत्वना देते हुए हरसंभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
विजय कुमार राय ने घटना की जानकारी अंचल प्रशासन को भी दी, ताकि पीड़ित परिवारों को सरकारी प्रावधानों के तहत सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा सके। फिलहाल अगलगी में हुए नुकसान को लेकर पीड़ित परिवार प्रशासनिक सहायता की उम्मीद लगाए हुए हैं।












