Advertisement

गोरौल: स्कूल में शिक्षक-अभिभावक गोष्ठी आयोजित, समावेशी शिक्षा पर दिया गया जोर

-गोरौल: स्कूल में शिक्षक-अभिभावक गोष्ठी आयोजित, समावेशी शिक्षा पर दिया गया जोर

गोरौल (वैशाली), एम.के. सुधांशु। वैशाली जिले के गोरौल प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय चकव्यास में माह के अंतिम शनिवार को शिक्षक-अभिभावक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “समावेशी शिक्षा : हमारा हर बच्चा महत्वपूर्ण है” रहा।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रणव कुमार की अध्यक्षता में आयोजित गोष्ठी में अभिभावकों को समावेशी शिक्षा की अवधारणा से अवगत कराया गया। इस दौरान प्रत्येक बच्चे के प्रति संवेदनशील एवं सकारात्मक व्यवहार अपनाने, विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शिक्षा, नियमित एवं स्वच्छ पोशाक में विद्यालय आने, गृहकार्य करने तथा घर पर पढ़ाई का कोना (स्टडी कॉर्नर) बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक में उपस्थित अभिभावकों ने विद्यालय की चाहरदीवारी निर्माण की समस्या को गंभीर बताते हुए इसके शीघ्र समाधान की मांग की। साथ ही विद्यालय के समग्र विकास में सहयोग का भरोसा भी दिया।
गोष्ठी के दौरान प्रत्येक कक्षा से ‘पेरेंट्स ऑफ द मंथ’ एवं ‘स्टूडेंट ऑफ द मंथ’ का चयन किया गया। चयनित विद्यार्थियों में निहाल कुमार, अंकिता कुमारी, श्वेता कुमारी, गोविंद कुमार और काजल कुमारी शामिल रहे। सभी चयनित विद्यार्थियों एवं उनके माता-पिता को उपहार देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस तरह की गोष्ठियों का उद्देश्य अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा बच्चों की शिक्षा और सर्वांगीण विकास में सहभागिता बढ़ाना है।