Advertisement

गायघाट की सात पंचायतों में लगा सहयोग शिविर, प्रचार-प्रसार के अभाव में ग्रामीण रहे अनजान

-गायघाट की सात पंचायतों में लगा सहयोग शिविर, प्रचार-प्रसार के अभाव में ग्रामीण रहे अनजान

दीपक कुमार / गायघाट। प्रखंड क्षेत्र की सात पंचायतों में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर प्रचार-प्रसार के अभाव में अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ सका। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत स्तर पर पहले से पर्याप्त सूचना नहीं दिए जाने के कारण बड़ी संख्या में लोग शिविर तक नहीं पहुंच सके। कई जगहों पर शिविर महज खानापूर्ति तक सीमित रहा। कहीं एक-दो विभागों के ही काउंटर लगाए गए तो कुछ स्थानों पर बैनर तक नहीं लगाए गए थे।
जमालपुर कोदई, शिवदाहा, केवटसा, लदौर, बलौरनिधि, सुस्ता और महमदपुर सूरा पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया था। लदौर पंचायत के पैक्स अध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह, पूर्व सरपंच मनोज राय और मुखिया पति अजीत सिंह ने बताया कि शिविर को लेकर पंचायत में कोई प्रचार-प्रसार नहीं किया गया था। शिविर में राजस्व कर्मचारी, पंचायत सचिव और किसान सलाहकार मौजूद थे, लेकिन किसी काउंटर पर बैनर तक नहीं लगाया गया था।


शिवदाहा पंचायत के रंजीत कुमार सिंह और रणधीर सिंह ने बताया कि शिविर स्थल पर सिर्फ कुर्सी-टेबल नजर आ रहे थे। दो-तीन विभागों के कर्मचारी ही मौजूद थे। आसपास के ग्रामीणों को शिविर के आयोजन की जानकारी नहीं थी।
केवटसा पंचायत के विनोद गामी ने बताया कि मिश्रौली में शिविर लगाया गया था। जानकारी के अभाव में आसपास के कुछ लोग ही वहां पहुंच सके। उन्होंने बताया कि कई कर्मचारियों को भी शिविर स्थल की जानकारी नहीं थी और वे ग्रामीणों से पूछते हुए वहां पहुंचे।
जमालपुर कोदई पंचायत में भी शिविर का असर सीमित रहा। यहां मुखिया के दरवाजे पर शिविर लगाया गया था। ग्रामीणों के अनुसार आयोजन की पर्याप्त जानकारी नहीं होने के कारण कई वार्डों के लोग इसका लाभ नहीं उठा सके। शिविर में मुख्य रूप से वैसे ग्रामीण पहुंचे, जिनके परिवार के सदस्यों के नाम राशन कार्ड से वंचित कर दिए गए हैं।
हालांकि, बीडीओ की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार सातों पंचायतों में कुल 796 शिकायती आवेदन प्राप्त हुए। इनमें महमदपुर सूरा में 183, सुस्ता में 148, लदौर में 201, केवटसा में 31, बलौरनिधि में 95, जमालपुर कोदई में 58 और शिवदाहा में 80 आवेदन शामिल हैं।