Advertisement

समस्तीपुर: ज्ञान किरण पब्लिक स्कूल में ताला काटकर चोरी

-समस्तीपुर: ज्ञान किरण पब्लिक स्कूल में ताला काटकर चोरी

-कंप्यूटर-प्रिंटर समेत नकदी पर हाथ साफ

पूसा। थाना क्षेत्र के दिघरा पंचायत, कल्याणपुर गौरा स्थित ज्ञान किरण पब्लिक स्कूल में शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने ताला काटकर कंप्यूटर, प्रिंटर, ई-रिक्शा चार्जर, एम्प्लीफायर, इंडक्शन चूल्हा और नगदी समेत कई कीमती सामान चोरी कर लिए। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।

क्या-क्या हुआ चोरी?

विद्यालय संचालक विभूति कुमार ने बताया कि चोरों ने कंप्यूटर लैब से चार कंप्यूटर सेट, प्रिंटर, कार्यालय खर्च के लिए रखा नकद पैसा और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह स्थानीय लोगों ने फोन कर उन्हें घटना की जानकारी दी।

पुलिस जांच में जुटी:

घटना की सूचना मिलते ही पूसा थाना पुलिस, ताजपुर इंस्पेक्टर और जिला आईडीयू टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने साक्ष्य एकत्र किए और तकनीकी पहलुओं सहित कई बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी।

लगातार हो रही चोरियां, पुलिस पर सवाल:

गौरतलब है कि बीते 11 फरवरी को इसी गांव में एक अन्य विद्यालय और एक घर में भी चोरी हुई थी। तब चोरों ने 10 सेट कंप्यूटर और यूपीएस चोरी कर लिए थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पुलिस पहले की घटना पर सतर्क होती, तो इस चोरी को रोका जा सकता था।

लोगों का सवाल है कि घर और स्कूलों में लगातार हो रही चोरियों पर पुलिस अंकुश लगाने में असफल क्यों हो रही है? पुलिस का खुफिया तंत्र और चौकीदार व्यवस्था आखिर क्यों विफल साबित हो रही है?

अब देखने वाली बात होगी कि पुलिस इस मामले में कब तक चोरों तक पहुंचती है और कितनी सख्ती से कार्रवाई करती है।

#समस्तीपुर #स्कूल_में_चोरी #ज्ञान_किरण_पब्लिक_स्कूल #पुलिस_की_नाकामी #लगातार_चोरी #समस्तीपुर_समाचार