Advertisement

विश्वनाथ साह का निधन, अनिल झा ने जताया शोक

-विश्वनाथ साह का निधन, अनिल झा ने जताया शोक

जनकपुरधाम / मिश्रि लाल मधुकर

नेपाल सद्भावना पार्टी के वरिष्ठ नेता और मधेश आंदोलन के एक प्रमुख स्तंभ 84 वर्षीय विश्वनाथ साह का शुक्रवार को मधेश प्रदेश के बसवरिया गांवपालिका के गोनर्वा पैतृक गांव में निधन हो गया। वे बीते कुछ महीनों से पक्षाघात के कारण अस्वस्थ चल रहे थे।

राजनीतिक जीवन की शुरुआत नेपाली कांग्रेस से करने वाले विश्वनाथ साह ने नस्लीय भेदभाव के विरुद्ध आवाज़ उठाते हुए पार्टी छोड़ दी थी। इसके बाद उन्होंने स्व. राम जन्म तिवारी और स्व. गजेन्द्र नारायण सिंह के साथ मिलकर नेपाल सद्भावना परिषद और बाद में नेपाल सद्भावना पार्टी की स्थापना में अहम भूमिका निभाई।

गजेन्द्र नारायण सिंह के निधन के बाद पार्टी में आए विभाजन से वे अत्यंत दुखी रहे। इसके बाद उन्होंने महंत ठाकुर और अनिल झा के नेतृत्व वाली पार्टी में भी सक्रियता दिखाई, परंतु अपेक्षित सम्मान न मिलने के कारण उन्होंने पुनः नेपाल सद्भावना पार्टी की स्थापना की।

अपने अंतिम समय तक वे मधेशी अधिकारों की बात करते रहे और मधेशी समुदाय की आवाज़ बने रहे।

उनके निधन पर पूर्व मंत्री और मधेशवादी नेता अनिल झा ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि “मधेश ने अपना एक सच्चा सपूत खो दिया है।” वहीं तमलोपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बृषेश चंद्र लाल ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया।