राष्ट्रीय युवा दिवस पर एबीवीपी द्वारा स्वामी विवेकानंद ग्रामीण प्रतिभा सम्मान प्रतियोगिता 2026 का आयोजन
-राष्ट्रीय युवा दिवस पर एबीवीपी द्वारा स्वामी विवेकानंद ग्रामीण प्रतिभा सम्मान प्रतियोगिता 2026 का आयोजन
मुजफ्फरपुर।दीपक।
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) गायघाट नगर इकाई के तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद ग्रामीण प्रतिभा सम्मान प्रतियोगिता 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करना और उनमें रचनात्मक एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास करना है।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए एबीवीपी के नगर मंत्री आशुतोष कर्ण ने बताया कि विद्यार्थी परिषद हर वर्ष युवा पखवाड़ा के दौरान छात्रों के बीच विभिन्न रचनात्मक एवं बौद्धिक गतिविधियों का आयोजन करती रही है। इसी कड़ी में इस वर्ष भी विधानसभा एवं प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए प्रतिभा सम्मान प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।

कार्यक्रम संयोजक रोहित ठाकुर ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता के अंतर्गत दौड़, कबड्डी, मेहंदी, भाषण, निबंध लेखन एवं सामान्य प्रश्नोत्तरी जैसी विभिन्न विधाओं में प्रतिस्पर्धा कराई जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक शिक्षार्थी 15 जनवरी तक अपने-अपने शिक्षण संस्थान के माध्यम से आवेदन प्रपत्र भर सकते हैं।
उन्होंने आगे बताया कि 15, 16 एवं 17 जनवरी को प्रखंड के विभिन्न स्थानों पर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जबकि 18 जनवरी को सम्मान समारोह आयोजित होगा। सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश मंत्री पुरुषोत्तम कुमार की उपस्थिति रहेगी।
एबीवीपी ने क्षेत्र के सभी विद्यार्थियों से इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपनी प्रतिभा को निखारने की अपील की है।