महिला के साथ दुष्कर्म, त्वरित कार्रवाई में एक आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर। संवाददाता।
जिले के पियर थाना क्षेत्र के एक गांव में दीपावली के दिन 31 अक्टूबर को एक 20 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म की घटना का मामला सामने आया। घटना की सूचना मिलते ही पियर थाने की पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस पदाधिकारियों के अनुसार, जैसे ही घटना की जानकारी मिली, महिला पुलिस अधिकारी को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया। पीड़िता ने दो आरोपियों के नाम पुलिस को बताए और उनके खिलाफ फर्द बयान दर्ज कराया। पीड़िता के बयान के आधार पर पीयर थाने में मामला दर्ज किया गया।
वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूर्वी-2 और थाना अध्यक्ष पीयर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी पप्पू कुमार, निवासी सिमरा, थाना पीयर को घटना के एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक मोबाइल भी बरामद की गई है।

थाना अध्यक्ष पंकज यादव ने बताया कि पीड़िता की मेडिकल जांच और न्यायालय में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है।















