-बेनीबाद में शराब तस्करी का नेटवर्क अब भी बेनकाब नहीं
-शिवदाहा, बरुआरी और बठवारा के धंधेबाजों की तलाश जारी
दीपक कुमार/गायघाट। बेनीबाद थाना क्षेत्र के शिवदाहा, बरुआरी और बठवारा में सक्रिय शराब तस्करों का नेटवर्क अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। हाल ही में उत्पाद विभाग द्वारा करीब 20 लाख रुपये मूल्य की 127 कार्टन विदेशी शराब बरामद किए जाने के बावजूद यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि इस खेप का असली सरगना कौन है और शराब किन तस्करों तक पहुंचाई जानी थी।
जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि सिक्किम से अवैध विदेशी शराब से लदा एक ट्रक मुजफ्फरपुर के रास्ते दरभंगा रोड की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी की, लेकिन चालक ट्रक लेकर फरार होने लगा। करीब दो घंटे तक पीछा करने के बाद चालक बठवारा के सुनसान इलाके में ट्रक छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
ट्रक की तलाशी लेने पर पुलिस ने ब्रांडेड कंपनी की नकली सीमेंट की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई 127 कार्टन सिक्किम निर्मित विदेशी शराब बरामद की। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। ट्रक को जब्त कर लिया गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस स्थानीय चौकीदारों और ग्रामीणों की मदद से जांच को आगे बढ़ाए तो यह पता लगाया जा सकता है कि शराब की यह बड़ी खेप शिवदाहा, बरुआरी और बठवारा में किसके लिए मंगाई गई थी। लोगों का मानना है कि इतनी बड़ी खेप बिना स्थानीय नेटवर्क के संभव नहीं है।
उत्पाद विभाग के प्रभारी सह निरीक्षक प्रकाश कुमार राम ने बताया कि फरार चालक की तलाश जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शराब की खेप किसने भेजी थी और किन तस्करों तक पहुंचाई जानी थी। पूरे नेटवर्क की बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की गहन जांच की जा रही है।
फिलहाल, इस बड़ी बरामदगी के बाद इलाके में शराब तस्करों के बीच बेचैनी बढ़ गई है, जबकि जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुटी हैं।











