-बाथरूम जाने का बहाना बनाकर थाना हाजत से फरार हुआ शराब तस्कर, पुलिस में मचा हड़कंप
मुजफ्फरपुर। जिले के पारू थाना में उस समय हड़कंप मच गया, जब अवैध शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर थाना हाजत से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक कुमार के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह उसने हाजत में बंद रहने के दौरान पुलिसकर्मियों से बाथरूम जाने की अनुमति मांगी। जैसे ही उसे हाजत से बाहर निकाला गया, उसने मौके का फायदा उठाया और पुलिसकर्मियों को चकमा देकर थाने से फरार हो गया।

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
बताया जाता है कि बुधवार देर रात पारू थाना पुलिस ने गश्ती के दौरान बहलोलपुर गांव के समीप एक पिकअप वाहन को रोका था। तलाशी लेने पर वाहन से 74 कार्टन अवैध विदेशी शराब बरामद की गई थी। मौके से ही चालक दीपक कुमार को गिरफ्तार कर थाना लाया गया था।
अब फरार आरोपी की दोबारा गिरफ्तारी के लिए पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही, थाना से आरोपी के फरार होने की घटना को लेकर विभागीय स्तर पर भी जांच की जा रही है।












