Advertisement

पूसा में आइसा–आरवाईए का प्रतिरोध मार्च, सोनम वांगचुक के अनशन के समर्थन और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग

-पूसा में आइसा–आरवाईए का प्रतिरोध मार्च, सोनम वांगचुक के अनशन के समर्थन और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग

पूसा/समस्तीपुर, 23 जुलाई। सोनम वांगचुक के अनशन के समर्थन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तथा दिल्ली और पटना में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) और इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) के बैनर तले पूसा में प्रतिरोध मार्च निकाला गया।
प्रतिरोध मार्च उमा पांडेय महाविद्यालय से शुरू होकर पोस्ट ऑफिस, डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार गोलंबर सहित विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः महाविद्यालय परिसर में सभा में तब्दील हो गया। इस दौरान छात्र-युवाओं ने “शिक्षा बचाओ, देश बचाओ”, “छात्र एकता जिंदाबाद”, “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो”, “एनटीए को भंग करो” और “लोकतंत्र पर हमला बंद करो” जैसे नारे लगाए।
सभा की अध्यक्षता आरवाईए प्रखंड सचिव डॉ. मुकेश कुमार ने की, जबकि संचालन आइसा कॉलेज इकाई सचिव रंजन कुमार ने किया।


सभा को संबोधित करते हुए आरवाईए के जिला सचिव रौशन कुमार ने आरोप लगाया कि देश के छात्र-युवा बेहतर शिक्षा, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और लोकतांत्रिक अधिकारों की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी आवाज़ सुनने के बजाय दमन का रास्ता अपना रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली और पटना में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में 24 जुलाई को काला दिवस और 25 जुलाई को बिहार बंद का आह्वान किया गया है।
आइसा के जिला उपाध्यक्ष दीपक यदुवंशी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था का निजीकरण, व्यापारीकरण और केंद्रीकरण कर रही है, जिससे गरीब और ग्रामीण छात्रों के लिए उच्च शिक्षा कठिन होती जा रही है। उन्होंने मांग की कि छात्रों पर दमन की कार्रवाई बंद की जाए, प्रतियोगी परीक्षाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाया जाए, एनटीए को भंग किया जाए तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें।
कार्यक्रम में गणेश कुमार, मनदीप कुमार, राजीव कुमार, कुंदन कुमार, अभय यदुवंशी, सुमित पाठक, रंजन कुमार, सोनू कुमार, स्वाति कुमारी, जुली कुमारी, आरोही कुमारी, निशि कुमारी, पूजा कुमारी, प्रिया कुमारी, अनिकेत कुमार, मोनू कुमार, प्रिंस कुमार, अंशु यादव, शुभम यादव, रुपेश यादव, अनिकेत ठाकुर, हर्ष कुमार, आदित्य कुमार, मो. कुणाल, विवेक कुमार, नयन कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-युवा उपस्थित रहे।