-भाकपा-माले प्रखंड कमिटी की विस्तारित बैठक बिरौली में आयोजित
पूसा। संवाददाता।
भाकपा-माले प्रखंड कमिटी की विस्तारित बैठक बुधवार को प्रखंड के बिरौली चौक के निकट संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता भाकपा-माले प्रखंड सचिव अमित कुमार ने की। इसमें बतौर पर्यवेक्षक भाकपा-माले जिला सचिव प्रो. उमेश कुमार मौजूद थे।
बैठक में मुख्य रूप से पिछले कार्यों की समीक्षा, पार्टी सदस्यता, लेवी नवीनीकरण, संगठन का विस्तार, पार्टी पत्रिका ‘लोकयुद्ध’ के पाठकों की संख्या बढ़ाने,आगामी 15 से 20 फरवरी तक पटना में होने वाले महाधिवेशन की तैयारी, कोष संग्रह, पूसा थाना कांड संख्या-113/22 में थानाध्यक्ष की मनमानी पर विचार,पार्टी संविधान का उल्लंघन करने वाले साथियों पर विचार, बिरौली घाट एवं मोरसंड में हाईवा से किए जा रहे अवैध मिट्टी खनन पर रोक लगाने, बंगरा थाना कांड संख्या 179/22 इत्यादि पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए भाकपा-माले जिला सचिव प्रो. उमेश कुमार ने कहा कि पूसा थाना में पूर्व से कई कांड लंबित है और माले पूसा प्रखंड सचिव को फोन पर जान मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस कार्रवाई अब तक सिफर है। पूसा थानाध्यक्ष उदासीनता बरत रही हैं। उन्होंने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि पूसा थानाध्यक्ष यदि माले प्रखंड सचिव को धमकी देने वाले अपराधी को अविलंब गिरफ्तार नहीं करती है तो जल्द ही पूसा थाना का घेराव किया जायेगा।
माले प्रखंड सचिव अमित कुमार ने कहा कि पूसा से महाधिवेशन में एक हजार लोगों की भागीदारी होगी। मौके पर प्रखंड कमिटी सदस्य किशोर कुमार राय, सुरेश कुमार, रविन्द्र कुमार सिंह, महेश सिंह, जितेन्द्र राय, पंचायत सचिव रामविलास पासवान, ब्रांच सचिव मो. याकूब, सुनिता देवी, सिंधु देवी, हल्का देवी, विभा देवी, जयकला देवी आदि बैठक में शामिल थे।












