-नीट प्रदर्शन में प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी का मामला गरमाया, मुजफ्फरपुर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
मुजफ्फरपुर। नीट पेपर लीक मामले को लेकर मुजफ्फरपुर में हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी और गाली-गलौज के आरोपों ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर मुजफ्फरपुर पुलिस ने कार्रवाई शुरू करते हुए आधा दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं की पहचान कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुआ NEET पेपर लीक विरोधी आंदोलन बिहार के कई जिलों तक पहुंचा है। इसी क्रम में गुरुवार को मुजफ्फरपुर में भी बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया। इसी दौरान एक वीडियो सामने आया, जिसमें एक छात्रा द्वारा प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किए जाने का आरोप है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने इसकी जांच शुरू की।
पुलिस ने वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्रदर्शन में शामिल कुछ छात्र-छात्राओं की पहचान की है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि यदि चिन्हित आरोपियों के संबंध में किसी के पास जानकारी हो तो वह पुलिस को उपलब्ध कराएं। पुलिस ने सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने और उपयोगी सूचना देने पर 10 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।

वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है और पुलिस छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तैनात है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदर्शन की आड़ में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना या किसी व्यक्ति के खिलाफ आपत्तिजनक एवं अमर्यादित टिप्पणी करना कानून के तहत अपराध है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
NEET आंदोलन को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में दंडाधिकारियों के साथ अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का भी उपयोग किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि शांतिपूर्ण विरोध की अनुमति है, लेकिन हिंसा, तोड़फोड़ या कानून-व्यवस्था भंग करने की किसी भी कोशिश पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।












