Advertisement

नरगिस जैसी डिम्पल

#डिंपल

डिंपल को जब राज कपूर ने ‘बॉबी’ फिल्म के लिए साइन किया तो उन्हें नरगिस की फिल्में दिखाई गईं कि अभिनय में बिल्कुल यही भाव आने चाहिएं, और कमाल देखिए कि हाव-भाव ही क्या डिंपल का चेहरा भी नरगिस जी जैसा ही दिखने लगा। डिंपल अपनी चाहत के प्रति शुरू से ही बहुत समर्पित थी। वह हीरोइन बनना चाहती थी तो राज कपूर की फिल्मों से शुरुआत करके उन्होंने धमाका कर दिया। राजेश खन्ना उम्र में उनसे बहुत बड़े थे, लेकिन वह उनके साथ जोड़ी बनाना चाहती थी तो यह भी उन्होंने कर दिखाया। एक समय में राजेश खन्ना की प्रेमिका रही अंजू महेंद्रू, डिंपल के बारे में रहती हैं कि ‘यह लड़की बहुत चालाक थी, मेरे सामने राजेश खन्ना को अंकल कहा करती, और फिर कुछ महीने बाद ही वह किस तरह मिसेज राजेश खन्ना हो गई, मेरे लिए यकीन करना मुश्किल था।

बारह साल के दुखद दांपत्य जीवन के बाद डिंपल ने फिर से फिल्में करनी चाहीं तो ‘सागर’ फिल्म से वापसी की। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औसत रही लेकिन डिंपल ने साबित कर दिया कि उनमें अभी अभिनय की भूख और आग बाकी है । एक बार फिर से उनके पास ऑफर्स की झड़ी लग गई। हर कोई उन्हें बॉबी या सागर वाली ग्लैमरस नायिका की भूमिका में देखना चाहता था। लेकिन डिंपल तो इससे कहीं आगे थी। जांबाज,राम-लखन,अजूबा, नरसिम्हा, इंसाफ,खून का कर्ज़ जैसी फिल्मों के अलावा उन्होंने दबंग,बंटवारा, प्रहार, क्रांतिवीर, काश, दृष्टि, रुदाली,लीला, लेकिन,दिल चाहता है जैसी फिल्मों से भी अपने अभिनय का जलवा बिखेरा। क्रांतिवीर फिल्म में ‘कलम वाली बाई’ के रोल के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार मिला। ‘लेकिन’ फिल्म में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के लिए नामांकन मिला तो वहीं ‘रूदाली’ में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार डिंपल को मिला। डिंपल का जीवन चुनौतियों भरा रहा है। पति राजेश खन्ना के विरोध के बावजूद दोबारा अपना अभिनय करियर पटरी पर लाना वाकई मायने रखता है। आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होने के लिए कुछ फिल्मों में भले ही बचकानी एक्टिंग भी की मगर रुदाली में भावपूर्ण अदायगी के बाद डिंपल ने फिर भूमिकाओं के चयन में ज़ल्दबाज़ी नहीं दिखाई। अभिनय से इतर वह सजावटी मोमबत्तियों के कारोबार में भी सलंग्न हो गईं। अपनी बेटियों ट्विंकल, रिंकी और दामाद अक्षय कुमार के साथ ही अपने प्रशंसकों के लिए भी समय निकालते हुए ‘फाइंडिंग फैनी’ जैसी फिल्मों के साथ वह अब भी रुपहले पर्दे पर नज़र आ जाती हैं।

#अनूप