Advertisement

हिंदी सिनेमा में पहली बार बड़े पर्दे पर दिखी छठ की आस्था, ‘छठी मैया’ में तमन्ना भाटिया ने जीता दिल

-हिंदी सिनेमा में पहली बार बड़े पर्दे पर दिखी छठ की आस्था, ‘छठी मैया’ में तमन्ना भाटिया ने जीता दिल

पटना। बिहार की समृद्ध संस्कृति और लोक आस्था का महापर्व छठ अब हिंदी सिनेमा के बड़े पर्दे पर भव्य अंदाज में नजर आने वाला है। फिल्म ‘द व्वान’ का नया गीत ‘छठी मैया’ रिलीज हो गया है। गीत में अभिनेत्री तमन्ना भाटिया छठ पूजा की भक्ति, परंपरा और भावनाओं को खूबसूरती से प्रस्तुत करती नजर आ रही हैं। फिल्म में पहली बार छठ पूजा को इस तरह प्रमुखता से बड़े पर्दे पर दिखाया गया है।

गाने में छठ पूजा के साथ बिहार की संस्कृति और वन देवी की शक्ति का अनोखा संगम देखने को मिलता है। लोककथा और फैंटेसी पर आधारित ‘द व्वान’ में रोमांस, रहस्य, रोमांच और हास्य का मेल है। इससे पहले फिल्म के गीत ‘समझो ना’ के जरिए दर्शकों को इसकी प्रेम कहानी की झलक मिली थी, जबकि ‘छठी मैया’ फिल्म के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पक्ष को सामने लाता है।

तमन्ना भाटिया ने कहा कि ‘द व्वान’ का हिस्सा बनना उनके लिए खास अनुभव है। उनके मुताबिक, फिल्म के माध्यम से पहली बार बड़े पर्दे पर छठ मनाने और बिहार व पटना के गौरव को दिखाने का अवसर मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक इस गीत को भी उसी श्रद्धा और आध्यात्मिक भावना के साथ महसूस करेंगे, जिस भावना के साथ इसे तैयार किया गया है।

गायक एवं संगीतकार विशाल मिश्रा ने कहा कि बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड में गहराई से जुड़ी छठ की पवित्र परंपरा को हिंदी सिनेमा तक पहुंचाना उनके लिए सम्मान और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति की खुशबू दुनिया के हर कोने तक पहुंचे और उसे वह सम्मान मिले, जिसकी वह हकदार है। उन्होंने गीत को कौशल किशोर और पूरी ‘द व्वान’ टीम की ओर से दर्शकों के लिए एक छोटी-सी भेंट बताया।

‘छठी मैया’ गीत को विशाल मिश्रा ने गाया और संगीतबद्ध किया है, जबकि इसके बोल कौशल किशोर ने लिखे हैं। गीत की कोरियोग्राफी चिन्नी प्रकाश ने की है। इसे जी म्यूजिक के बैनर तले रिलीज किया गया है।

फिल्म ‘द व्वान’ में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्देशन दीपक मिश्रा ने किया है। शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी इसके निर्माता हैं। फिल्म 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। लोककथा, फैंटेसी, संगीत और भारतीय संस्कृति के मेल के कारण फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है।