Advertisement

गंडक में बढ़े जलस्राव को लेकर डीएम ने तटबंधों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को अलर्ट रहने का निर्देश

-गंडक में बढ़े जलस्राव को लेकर डीएम ने तटबंधों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को अलर्ट रहने का निर्देश

मुजफ्फरपुर। नेपाल के तराई क्षेत्र में गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश के कारण नदी में बढ़े जलस्राव को देखते हुए जिलाधिकारी कुमार गौरव ने शुक्रवार को जिले के संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता, अंचलाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अन्य अधिकारियों के साथ रेवा घाट, रतनपुर डीही समेत गंडक नदी के तटबंध के विभिन्न संवेदनशील स्थलों का जायजा लिया।

शाम के समय जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त एवं अन्य अधिकारियों के साथ साहेबगंज और पारू के विभिन्न क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से स्थिति की जानकारी ली और उनका फीडबैक प्राप्त किया। सरैया, पारू एवं साहेबगंज के सीओ समेत सभी संबंधित अधिकारियों को एसओपी के अनुसार आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने और लगातार अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि नेपाल के तराई क्षेत्र में भारी वर्षा को देखते हुए जिला प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। उन्होंने लोगों से पैनिक नहीं करने, लेकिन सजग एवं सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें अलर्ट हैं तथा तटबंधों की लगातार निगरानी की जा रही है।

डीएम ने अधिकारियों को नदी के जलस्तर, मौसम विभाग की सूचनाओं और वर्षापात के आंकड़ों पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी, अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एसओपी के अनुसार तत्काल कार्रवाई करेंगे।

उन्होंने विभिन्न विभागों को आपसी समन्वय के साथ मिशन मोड में काम करने का निर्देश दिया। बाढ़ की स्थिति में प्रभावित लोगों की जान-माल की सुरक्षा और समय पर राहत पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। जल संसाधन, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, पीएचईडी, पंचायती राज और ग्रामीण विकास समेत सभी संबंधित विभागों को समन्वय बनाए रखने को कहा गया है।

जिलाधिकारी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा अपुष्ट एवं भ्रामक सूचनाओं को प्रसारित नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और बाढ़ की स्थिति में सरकार की एडवाइजरी का पालन करें।

आपातकालीन सहायता के लिए संपर्क करें: जिला आपातकालीन संचालन केंद्र, मुजफ्फरपुर- 0621-2212007। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र, पटना- 0612-2294204/205 तथा आपातकालीन सहायता नंबर 1070।