-गंडक में बढ़ते जलस्राव के बीच डीएम ने तटबंधों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को अलर्ट रहने का निर्देश
मुजफ्फरपुर। नेपाल के गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण नदी में बढ़ते जलस्राव को देखते हुए जिलाधिकारी कुमार गौरव ने मंगलवार को गंडक नदी के तटबंधों के संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने रतनपुर डीही एवं रेवा घाट पहुंचकर तटबंधों की स्थिति, नदी के जलस्तर और संवेदनशील बिंदुओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से मौजूदा स्थिति की जानकारी ली।
डीएम ने सरैया, पारू एवं साहेबगंज के अंचल अधिकारियों को सरकार के दिशा-निर्देश एवं मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप राहत और बचाव कार्यों के लिए पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को लगातार क्षेत्र भ्रमण कर तटबंधों एवं नदी के संवेदनशील स्थलों की निगरानी करने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि नेपाल के तराई क्षेत्र एवं गंडक के जलग्रहण क्षेत्र में भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। संभावित बाढ़ से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी की गई हैं। NDRF और SDRF की टीमें भी अलर्ट मोड में हैं।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को नदी के जलस्तर, वर्षापात और मौसम संबंधी सूचनाओं पर लगातार नजर रखने तथा स्थानीय लोगों से नियमित संवाद बनाए रखने का निर्देश दिया। सीओ, थाना प्रभारी, एसडीओ एवं एसडीपीओ को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने और किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया है।
डीएम ने जल संसाधन, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, पीएचईडी, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ मिशन मोड में कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर प्रभावित लोगों की जान-माल की सुरक्षा और समय पर राहत पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
जिलाधिकारी ने आम लोगों से अपील की कि वे घबराएं नहीं, लेकिन सजग और सतर्क रहें। किसी भी अफवाह या अपुष्ट सूचना पर ध्यान न दें और बाढ़ एवं जलस्तर से संबंधित जानकारी के लिए केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।
आपात स्थिति में संपर्क करें: जिला आपातकालीन संचालन केंद्र, मुजफ्फरपुर—0621-2212007। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र—0612-2294204/205, आपातकालीन सहायता नंबर 1070।












