Advertisement

दिल्ली-एनसीआर में 4.9 तीव्रता का भूकंप, चमोली रहा केंद्र, असम में भी 4.5 के झटके

-दिल्ली-एनसीआर में 4.9 तीव्रता का भूकंप, चमोली रहा केंद्र, असम में भी 4.5 के झटके

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार देर रात करीब 10 बजकर 23 मिनट पर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। अचानक धरती डोलने से लोगों में दहशत फैल गई। कई लोग एहतियात के तौर पर अपने घरों से बाहर निकल आए। दिल्ली के अलावा हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र उत्तराखंड के चमोली जिले में था। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 4.9 दर्ज की गई, जबकि इसकी गहराई करीब 13 किलोमीटर बताई गई। कुछ सेकंड तक महसूस किए गए झटकों का असर खासकर ऊंची इमारतों में अधिक महसूस हुआ। हालांकि, शुरुआती जानकारी के मुताबिक कहीं से जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

देहरादून समेत उत्तराखंड के कई इलाकों में भी लोगों ने कंपन महसूस किया। प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने भूकंप के दौरान अपने अनुभव साझा किए।

इसी बीच असम के नगांव जिले में बुधवार सुबह भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। NCS के मुताबिक, सुबह 4 बजकर 23 मिनट 47 सेकंड पर आए इस भूकंप की तीव्रता 4.5 रही और इसकी गहराई करीब 33 किलोमीटर दर्ज की गई।

एक ही अवधि में देश के अलग-अलग हिस्सों में भूकंपीय गतिविधियां दर्ज होने से लोगों की चिंता बढ़ी है। हालांकि, भूकंप से होने वाले नुकसान का स्तर उसकी तीव्रता, गहराई और स्थानीय परिस्थितियों पर निर्भर करता है।