चंपारण की खबर::
-ट्रैक्टर पलटने से ट्रक और कार में हुई टक्कर, कार चला रहा पत्रकार जख्मी
मोतिहारी / राजन द्विवेदी।
जिले के सुगौली थाना क्षेत्र स्थित राजमार्ग पर रात में गन्ना लदे वाहनों के जाम के बीच ट्रैक्टर पलटने से ट्रक और कार की भीषण टक्कर हो गयी। जिसमें कार चालक पत्रकार द्वारिका नाथ मिश्र घायल हो गए।
वहीं ट्रक व ट्रैक्टर चालक गाड़ी छोड़ फरार बताए जाते हैं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल पत्रकार के परिजनों को सूचना देने के साथ ही उन्हें इलाज के लिए मोतिहारी
भेजा। जिनके सिर में गंभीर जख्म होने के साथ ही अधिक रक्तस्राव होने से स्थिति चिंताजनक है। यहां बताते चलें कि चीनी मिल द्वारा अधिक गन्ना आपूर्ति का पर्चा निकाले जाने से रेल आरओबी के दोनों तरफ के रास्तों पर वाहनों का जाम लग गया। इससे भारत नेपाल की लाइफ लाइन पूरी तरह से चरमरा गयी।

बंगरा रेलवे गुमटी के दोनों ओर कई किलोमीटर दूर तक वाहनों की लंबी कतार लग गयी। वही स्थानीय लोगों का कहना है की हर साल ऐसा महाजाम की स्थिति उत्पन्न होती है और दो चार दुर्घटनाएं हो ही जाती है। वहीं इस बाबत थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया की गन्ना लदा ट्रैक्टर पलटने से दुर्घटना का होना बताया जा रहा है। राजमार्ग पर गन्ना लगी गाड़ियों से महाजाम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी जिसे देर रात तक दुरुस्त किया जा सका।गाड़ियों को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
















