-छठ से पहले बिहार के 1.09 करोड़ पेंशनधारियों के खाते में पहुंचे 1205.91 करोड़ रुपये
-मुख्यमंत्री ने किया डीबीटी से भुगतान
-एक महीने में जुड़े 1.36 लाख नए लाभार्थी
-अब हर महीने 10 तारीख को खातों में पहुंचेगी 1100 रुपये पेंशन
पटना(दीपक तिवारी/शालिनी तिवारी)। लोक आस्था के महापर्व छठ से पहले बिहार के वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को राज्य सरकार ने पेंशन की सौगात दी है। मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्य के 1 करोड़ 9 लाख 62 हजार 859 सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से कुल 1205 करोड़ 91 लाख 44 हजार 900 रुपये की राशि हस्तांतरित की। प्रत्येक लाभार्थी के खाते में 1100 रुपये की दर से पेंशन भेजी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना महज आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और मानवीय संवेदना का प्रतीक है। सरकार का उद्देश्य वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को सम्मानजनक जीवन जीने के लिए आर्थिक संबल प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि पूर्व में मिलने वाली 400 रुपये की पेंशन राशि बढ़ाकर 1100 रुपये प्रतिमाह कर दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक माह की 10 तारीख को बिहार पेंशन दिवस के रूप में मनाया जाता है। एक महीने के अंतराल में 1 लाख 36 हजार 854 नए पेंशनधारी इस योजना से जुड़े हैं। उन्होंने अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर योजना से वंचित पात्र लोगों की पहचान करने और उन्हें पेंशन का लाभ दिलाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि पेंशनधारियों के खातों में प्रत्येक माह समय पर राशि पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। छठ से पहले राशि मिलने से लाभार्थी पर्व की खुशियां बेहतर तरीके से मना सकेंगे। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे। राज्य के विभिन्न जिलों के जिलाधिकारी और पेंशनधारी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े।












