Advertisement

छठ पर्व को लेकर मुजफ्फरपुर पश्चिमी अनुमंडल में निषेधाज्ञा लागू

-छठ पर्व को लेकर मुजफ्फरपुर पश्चिमी अनुमंडल में निषेधाज्ञा लागू

-13 से 16 नवंबर तक निजी नावों के परिचालन पर रोक
-घाटों पर पटाखे छोड़ने और गहरे पानी में उतरने पर भी प्रतिबंध
-आदेश का उल्लंघन करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई

मुजफ्फरपुर।लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए मुजफ्फरपुर पश्चिमी अनुमंडल प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। अनुमंडल दंडाधिकारी स्नेहा कुमारी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत पूरे अनुमंडल क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। यह आदेश जिलाधिकारी के निर्देश के आलोक में जारी किया गया है।
प्रशासनिक आदेश के अनुसार, 13 नवंबर की सुबह 8 बजे से 16 नवंबर तक अनुमंडल क्षेत्र में सभी प्रकार की निजी नावों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छठ के दौरान नावों पर क्षमता से अधिक लोगों को बैठाने, तेज गति से परिचालन और आतिशबाजी से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इससे छठव्रतियों की सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है।


जारी निषेधाज्ञा के तहत किसी भी अवैध निजी नाव का परिचालन नहीं किया जाएगा। श्रद्धालुओं को गहरे नदी और तालाबों में उतरकर स्नान करने या अर्घ्य देने की अनुमति नहीं होगी। टूटे तटबंधों और दलदली घाटों के आसपास अनावश्यक भीड़ लगाने पर भी रोक रहेगी। इसके अलावा छठ घाटों पर पटाखों की बिक्री और आतिशबाजी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
प्रशासन ने बताया कि छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदियों और तालाबों के किनारे जुटते हैं। ऐसे में डूबने की घटनाओं और अन्य अप्रिय हादसों को रोकने के लिए एहतियाती कदम उठाए गए हैं।
एसडीएम ने लोगों से प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने और छठ पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की है। निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।