Advertisement

मुजफ्फरपुर के 4.81 लाख पेंशनधारियों के खाते में पहुंचे 52.93 करोड़ रुपये

-मुजफ्फरपुर के 4.81 लाख पेंशनधारियों के खाते में पहुंचे 52.93 करोड़ रुपये

-दिव्यांगजनों को मिली बैट्री चालित ट्राइसाइकिल की सौगात

मुजफ्फरपुर। जिले के सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के तहत जिले के 4,81,221 लाभार्थियों के बैंक खातों में अक्टूबर माह की पेंशन राशि के रूप में 52 करोड़ 93 लाख 43 हजार 100 रुपये हस्तांतरित किए गए। सरकार ने इस आयोजन को ‘पेंशन उत्सव’ के रूप में मनाया। पेंशन की बढ़ी हुई राशि मिलने से वृद्धजन, विधवा एवं दिव्यांग लाभार्थियों में खुशी का माहौल है।
समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी कुमार गौरव, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग अभिषेक कुमार सहित कई अधिकारी एवं पेंशनधारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के सर्वाधिक 2,37,441 लाभार्थियों के खाते में 26.11 करोड़ रुपये भेजे गए। वहीं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन समेत अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को भी राशि का भुगतान किया गया। अब पात्र लाभार्थियों को 400 रुपये के बजाय 1100 रुपये प्रतिमाह पेंशन मिल रही है।
इस दौरान जिलाधिकारी ने लोक आस्था के महापर्व छठ की शुभकामनाएं देते हुए पेंशनधारियों के स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने शेष लाभार्थियों से नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर जाकर जल्द जीवन प्रमाणीकरण कराने की अपील की, ताकि पेंशन भुगतान निर्बाध जारी रहे।
वहीं, मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण योजना ‘संबल’ के तहत समाहरणालय परिसर में 10 चयनित दिव्यांगजनों के बीच बैट्री चालित ट्राइसाइकिल वितरित की गई। डीएम ने अधिकारियों को सभी पात्र दिव्यांगजनों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया।