Advertisement

मुजफ्फरपुर में जमीन रजिस्ट्री पर रोक हटने के बावजूद राहत नहीं, 10 दिन बाद भी पोर्टल लॉक

-मुजफ्फरपुर में जमीन रजिस्ट्री पर रोक हटने के बावजूद राहत नहीं, 10 दिन बाद भी पोर्टल लॉक

-रोजाना बैरंग लौट रहे खरीदार-बिक्रीकर्ता
-कैबिनेट की मंजूरी और विभागीय संकल्प के बाद भी नहीं शुरू हुई रजिस्ट्री -निबंधन विभाग की प्रक्रिया में देरी से बढ़ी परेशानी

मुजफ्फरपुर।
मुजफ्फरपुर में ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के लिए चिह्नित क्षेत्रों में जमीन की खरीद-बिक्री पर लगी रोक हटाने के राज्य सरकार के फैसले के बावजूद लोगों को राहत नहीं मिल रही है। कैबिनेट की मंजूरी और नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से संकल्प जारी होने के 10 दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी संबंधित मौजों में जमीन की रजिस्ट्री शुरू नहीं हो सकी है। निबंधन विभाग की ओर से आवश्यक प्रक्रिया पूरी नहीं किए जाने के कारण संबंधित मौजों के खाता और खेसरा नंबर अब भी विभागीय पोर्टल पर लॉक हैं।


स्थिति यह है कि जमीन बेचने और खरीदने की उम्मीद लेकर रोजाना करीब 8 से 10 लोग मुजफ्फरपुर रजिस्ट्री कार्यालय पहुंच रहे हैं, लेकिन तकनीकी बाधा के कारण उन्हें बिना रजिस्ट्री कराए लौटना पड़ रहा है। इससे भू-स्वामियों और खरीदारों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।
इसका सबसे अधिक असर उन परिवारों पर पड़ रहा है, जिन्हें बीमारी के इलाज, बच्चों की पढ़ाई, मकान निर्माण और अन्य जरूरी पारिवारिक खर्चों के लिए जमीन बेचनी है। वहीं, कई खरीदार अपनी जमापूंजी और कर्ज के जरिए रकम जुटाने के बाद भी रजिस्ट्री का इंतजार कर रहे हैं।
गौरतलब है कि 28 अक्टूबर को राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के लिए चिह्नित क्षेत्रों में जमीन की खरीद-बिक्री पर लगी रोक हटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। इसके बाद नगर विकास एवं आवास विभाग ने संकल्प जारी कर निबंधन विभाग को संबंधित मौजों को पोर्टल पर अनलॉक करने की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया था।
लेकिन अब तक पोर्टल अपडेट नहीं होने और निबंधन विभाग का स्पष्ट आदेश जारी नहीं होने से रजिस्ट्री का रास्ता नहीं खुला है। लोगों ने विभागीय अधिकारियों से जल्द तकनीकी प्रक्रिया पूरी कर जमीन की खरीद-बिक्री शुरू कराने की मांग की है।