Advertisement

मुजफ्फरपुर समेत तीन रेलवे स्टेशनों पर लगेंगे हाईटेक अग्नि पहचान सिस्टम

-मुजफ्फरपुर समेत तीन रेलवे स्टेशनों पर लगेंगे हाईटेक अग्नि पहचान सिस्टम

-7 करोड़ की परियोजना को लेकर टेंडर जारी
-सिग्नलिंग और दूरसंचार कक्षों में धुएं का शुरुआती संकेत मिलते ही बजेगा अलार्म
-आग फैलने से पहले मिलेगी सूचना

मुजफ्फरपुर।
रेलवे स्टेशनों पर आग लगने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और यात्रियों के साथ रेलवे संपत्तियों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए पूर्व मध्य रेल ने बड़ी पहल की है। इसके तहत समस्तीपुर रेल मंडल के तीन प्रमुख स्टेशनों मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और मोतिहारी में सिग्नलिंग एवं दूरसंचार अनुभागों में अत्याधुनिक स्वचालित अग्नि पहचान और अलार्म प्रणाली लगाई जाएगी। इस हाईटेक परियोजना की अनुमानित लागत करीब सात करोड़ रुपये है।
इस महत्वपूर्ण कार्य को पूरा कराने के लिए पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल की ओर से खुली ई-निविदा जारी कर दी गई है। रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर परियोजना से संबंधित जानकारी और नियम-शर्तें साझा की गई हैं। योजना के तहत तीनों स्टेशनों के विभिन्न तकनीकी अनुभागों में आधुनिक अग्नि सुरक्षा प्रणाली स्थापित की जाएगी।


रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यहां एस्पिरेशन प्रकार की स्वचालित अग्नि पहचान एवं अलार्म प्रणाली लगाई जाएगी। यह तकनीक काफी संवेदनशील होगी और तकनीकी कमरों में आग लगने से पहले धुएं की मौजूदगी का पता लगाने में सक्षम होगी। सिग्नलिंग और दूरसंचार कक्षों में शॉर्ट सर्किट अथवा अन्य तकनीकी कारणों से आग लगने का खतरा बना रहता है। ऐसे में यह सिस्टम शुरुआती स्तर पर ही खतरे की पहचान कर लेगा।
धुएं या आग के शुरुआती संकेत मिलते ही सिस्टम तेज अलार्म बजाकर ड्यूटी पर तैनात रेलकर्मियों को सतर्क करेगा। इससे समय रहते आग पर काबू पाने और बड़े हादसों को टालने में मदद मिलेगी।
सिग्नलिंग और दूरसंचार कक्ष रेल परिचालन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। यहां लगे तकनीकी उपकरणों और नियंत्रण व्यवस्था की सुरक्षा मजबूत होने से रेलवे परिचालन की संरक्षा को भी मजबूती मिलेगी।