Advertisement

कांटी में निजी बैंकिंग कर्मी से दिनदहाड़े 1.30 लाख की लूट, बाइक भी ले गए अपराधी

-कांटी में निजी बैंकिंग कर्मी से दिनदहाड़े 1.30 लाख की लूट, बाइक भी ले गए अपराधी

मुजफ्फरपुर। कांटी नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-24 में कांटी थर्मल पावर प्लांट से प्रखंड चौक जाने वाले मार्ग पर रातल मैदान के समीप मंगलवार को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने एक निजी बैंकिंग कर्मी से करीब 1.30 लाख रुपये लूट लिए। अपराधी पीड़ित की बाइक, टैब और अन्य सामान भी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

बताया गया कि निजी बैंकिंग कर्मी अमित कुमार उक्त मार्ग से जा रहे थे। इसी दौरान दो से तीन अपराधियों ने पिस्टल का भय दिखाकर उन्हें रोक लिया और रुपये व अन्य सामान लूटने के बाद उनकी बाइक लेकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी मौके पर पहुंचीं और पीड़ित अमित कुमार से घटना की जानकारी ली। उन्होंने कांटी थानेदार रविकांत पाठक समेत पुलिस अधिकारियों को अपराधियों की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान भी चलाया गया।

एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने कहा कि घटना में शामिल अपराधियों की पहचान की जा रही है। उनकी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और मामले में शीघ्र सफलता मिलने की उम्मीद है।