Advertisement

उत्तर बिहार में 7–11 अक्टूबर के बीच हल्की बारिश के आसार

-उत्तर बिहार में 7–11 अक्टूबर के बीच हल्की बारिश के आसार

-रबी फसलों की तैयारी में जुटें किसान

समस्तीपुर/पूसा। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा एवं कृषि मौसम विभाग ने 7 से 11 अक्टूबर 2026 के लिए मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार 7–9 अक्टूबर के आसपास उत्तर बिहार के आसमान में गरज वाले बादल बनने तथा अधिकांश जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
इस दौरान अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 75–85 प्रतिशत तथा दोपहर में 45–55 प्रतिशत के आसपास रह सकती है। हवा मुख्यतः पूर्वी दिशा से 5–15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले तीन दिनों में पूसा में औसत अधिकतम तापमान 33.7 और न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस अवधि में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा।


किसानों को रबी फसलों की समय पर बुआई के लिए खेत की तैयारी करने तथा गुणवत्तापूर्ण बीज और आवश्यक कृषि सामग्री की पहले से व्यवस्था करने की सलाह दी गई है। मसूर, मटर, लहसुन, धनिया, सरसों, सूरजमुखी, राजमा और मेथी के लिए अच्छी तरह सड़ी गोबर की खाद खेत में डालने तथा उचित जुताई की सलाह दी गई है।
गन्ने की फसल में हवा और बारिश से गिरने से बचाने के लिए बंधाई यानी प्रॉपिंग करने को कहा गया है। मटर की अगेती किस्मों की बुआई इस सप्ताह के अंत तक पूरी करने तथा पालक और लहसुन की बुआई शुरू करने की सलाह दी गई है। टमाटर की नर्सरी तैयार करने और निर्धारित दूरी पर पौधों की रोपाई करने का सुझाव भी दिया गया है।
कृषि वैज्ञानिकों ने बैंगन की फसल में फल एवं तना छेदक कीट की नियमित निगरानी करने की सलाह दी है। किसानों से मौसम में बदलाव को देखते हुए खेतों में जल निकासी और फसल प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की अपील की गई है।