Advertisement

मुजफ्फरपुर की बेटी शिक्षा कुमारी ने हासिल की पीएचडी, भ्रामक विज्ञापनों पर शोध कर बढ़ाया शहर का मान

-मुजफ्फरपुर की बेटी शिक्षा कुमारी ने हासिल की पीएचडी, भ्रामक विज्ञापनों पर शोध कर बढ़ाया शहर का मान

मुजफ्फरपुर, 6 अक्टूबर। नई बाजार, यदुपति रोड निवासी शिक्षा कुमारी ने अकादमिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। शिक्षा, सुनील कुमार शर्मा एवं सोनी शर्मा की पुत्री हैं।

शिक्षा कुमारी ने विश्वविद्यालय के वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग से अपना शोध कार्य पूरा किया। उनके शोध का विषय ‘द रोल ऑफ गवर्नमेंट रेगुलेशन इन रिड्यूसिंग द इम्पैक्ट ऑफ मिसलीडिंग एडवरटाइजिंग ऑन कंज्यूमर बिहेवियर विद स्पेशल रेफरेंस टू कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स’ था। शोध कार्य विभाग के डीन डॉ. सैयद आले मुजतबा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

शोध प्रबंध की मौखिक परीक्षा 6 अक्टूबर को विश्वविद्यालय गेस्ट हाउस के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित की गई। इसमें बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के पूर्व डीन एवं वरिष्ठ शिक्षाविद् विनोद शंकर सिंह ने बाह्य परीक्षक के रूप में हिस्सा लिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) दिनेश चंद्र राय, विभागाध्यक्ष डॉ. रवि कुमार श्रीवास्तव, डॉ. विनोद बैठा, डॉ. साकेत एवं डॉ. सलाउद्दीन समेत कई फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे।

शिक्षा का शोध कॉस्मेटिक उत्पादों के भ्रामक विज्ञापनों से उपभोक्ताओं के व्यवहार पर पड़ने वाले प्रभाव तथा उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा में सरकारी नियमों की भूमिका पर केंद्रित है। तेजी से बढ़ते कॉस्मेटिक बाजार और डिजिटल विज्ञापनों के दौर में उनका शोध उपभोक्ता जागरूकता और नियामकीय व्यवस्था के अध्ययन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पीएचडी की उपाधि मिलने पर परिवार, शिक्षकों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। सभी ने शिक्षा कुमारी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।