-सोनपुर मंडल में मेगा टिकट जांच अभियान, 2,065 यात्रियों पर कार्रवाई; 18.97 लाख रुपये राजस्व वसूला
सोनपुर, 6 अक्टूबर। सोनपुर मंडल में बिना टिकट और अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ मेगा टिकट जांच अभियान लगातार जारी है। यात्रियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं नियमसम्मत यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने तथा रेलवे राजस्व की सुरक्षा के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।
मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक धीरज कुमार के निर्देशन में 5 अक्टूबर को सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, मानसी, खगड़िया, नवगछिया सहित विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में विशेष टिकट जांच की गई। टिकट जांच कर्मियों, रेलवे सुरक्षा बल और वाणिज्य विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से सघन जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान बिना टिकट, अनियमित टिकट तथा बिना उचित प्राधिकरण के यात्रा करने वाले 2,065 यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इससे रेलवे को 18 लाख 97 हजार 690 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

रेलवे के अनुसार, 30 सितंबर 2026 तक सितंबर माह में सोनपुर मंडल ने 47,124 मामलों का निपटारा करते हुए 4 करोड़ 29 लाख 56 हजार 559 रुपये का राजस्व अर्जित किया है। वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक कुल 3,84,343 मामलों में कार्रवाई की गई है, जिससे 30 करोड़ 37 लाख 68 हजार 821 रुपये का रेल राजस्व प्राप्त हुआ है।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और रेलवे के नियमों का पालन करें। बिना टिकट या अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। सोनपुर मंडल ने कहा है कि यात्रियों की सुविधा और रेलवे राजस्व की सुरक्षा के लिए ऐसे विशेष टिकट जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।












