-सोनपुर मंडल में ट्रैक साइड और लंबे समय से जमा कचरे की विशेष सफाई
सोनपुर, 6 अक्टूबर। पूर्व मध्य रेल के सोनपुर मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा’, स्वच्छता पखवाड़ा-2026 और एससीडीपीएम 6.0 के तहत सोमवार को रेलवे ट्रैक के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न स्टेशनों के यार्ड, रेलवे ट्रैक के किनारे तथा नगर एवं शहरी क्षेत्रों से होकर गुजरने वाले रेलखंडों के आसपास लंबे समय से जमा कचरा, प्लास्टिक वेस्ट और अनुपयोगी स्क्रैप को हटाया गया।
अभियान के तहत ट्रैक किनारे उगी अनावश्यक झाड़ियों और वनस्पतियों की कटाई कर सफाई की गई। इससे ट्रैक क्षेत्र की स्वच्छता और दृश्यता बेहतर होने के साथ सिग्नल साइटिंग में भी सुविधा मिलेगी। वहीं, कचरे और झाड़ियों के जमाव से कीट-पतंगों, चूहों तथा अन्य जीव-जंतुओं के पनपने की संभावना को कम करने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा लेवल क्रॉसिंग, गेट लॉज, केबिन तथा ट्रैक किनारे स्थित रेलकर्मियों के आवासीय क्षेत्रों के आसपास भी विशेष सफाई की गई। यहां जमा कचरे और अनुपयोगी सामग्री को हटाया गया।
सोनपुर मंडल का उद्देश्य रेलवे ट्रैक और उसके आसपास स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित करना है। नियमित और विशेष स्वच्छता अभियानों के माध्यम से यात्रियों, रेलकर्मियों और आम लोगों के लिए बेहतर स्वच्छता व्यवस्था उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। मंडल द्वारा ‘स्वच्छ रेलवे, स्वच्छ परिसर और स्वच्छ पर्यावरण’ के संकल्प के साथ स्वच्छता गतिविधियों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।












