Advertisement

बैंक से 50 हजार रुपये निकालकर घर लौट रहे सीएसपी संचालक से हथियार के बल लूट

-बैंक से 50 हजार रुपये निकालकर घर लौट रहे सीएसपी संचालक से हथियार के बल लूट

मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र के मुस्तफापुर में बाइक सवार तीन अपराधियों ने बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहे सीएसपी संचालक से हथियार के बल 50 हजार रुपये लूट लिये। घटना के बाद तीनों अपराधी बाइक से फरार हो गये। पीड़ित की पहचान सलेमपुर निवासी सीएसपी संचालक अनिल कुमार के रूप में हुई है।
बताया गया कि अनिल कुमार बैंक ऑफ बड़ौदा से 50 हजार रुपये निकालकर अपने घर सलेमपुर लौट रहे थे। इसी दौरान मुस्तफापुर के पास बाइक सवार तीन अपराधियों ने उनका पीछा करते हुए रास्ते में रोक लिया। अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर रुपये से भरा झोला लूट लिया और मौके से फरार हो गये।


घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। अनिल कुमार ने देर शाम थाने में लिखित शिकायत भी दी है।
पुलिस अपराधियों के भागने की दिशा में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि अपराधियों ने बैंक से रुपये निकालने के बाद सीएसपी संचालक का पीछा किया था या घटना अचानक हुई। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।