-कांटी में ट्रिपल मर्डर से सनसनी: मां, 2 साल की बेटी और 3 महीने के मासूम की हत्या
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कांटी थाना क्षेत्र के मधुबन गांव के पास एक ही परिवार के तीन लोगों—मां, उसकी दो साल की बेटी और तीन महीने के बेटे—की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है।
बताया जा रहा है कि घटना के वक्त मृतका का पति बारात में गया हुआ था। देर रात जब वह घर लौटा तो सभी कमरों के दरवाजे बाहर से बंद मिले। किसी तरह दरवाजा खोलकर जब वह अंदर पहुंचा तो पत्नी और दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े देख उसके होश उड़ गए।
मृतकों की पहचान मधुबन गांव निवासी मिठाई लाल की 30 वर्षीय पत्नी रीता देवी, दो साल की बेटी वैष्णवी कुमारी और तीन महीने के बेटे कन्हैया कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।

सूचना मिलते ही डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी और पानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है।
परिजनों के अनुसार, मृतका के पति का सोमवार को कुछ रिश्तेदारों से विवाद हुआ था, जिसमें जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। परिवार का आरोप है कि जमीन विवाद के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा। वहीं, आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
इस निर्मम हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।











