अफवाहों पर ध्यान मत दीजिए, कोई पार्टी-वार्टी जॉइन नहीं करेंगे ‘सुपरकॉप’ आईपीएस शिवदीप लांडे
संवाददाता। पटना।
जिस अफसर के ससुर महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और कद्दावर नेता हों। जिस अफसर को सियासी गलियारे में भी उसके बेहतरीन काम के लिए इज्जत मिलती हो, उसे अगर पॉलिटिक्स जॉइन करनी होती तो वो महाराष्ट्र जाता। उसके लिए वहां राजनीति की बनी बनाई जमीन तैयार मिलती। गृह राज्य होता सो अलग, लेकिन वो अफसर अचानक इस्तीफा देता है और कहता है कि उसकी कर्मभूमि बिहार ही रहेगी, तो ये समझने की बात है।
आईपीएस शिवदीप लांडे ने अभी इस्तीफा दिया है। उनके इस्तीफे को स्वीकार होने में अभी वक्त लगेगा। लेकिन इसके बाद की अफवाहों पर उन्होंने विराम लगा दिया है। उन्होंने खुद ही एक नया फेसबुक पोस्ट किया है। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा है कि ‘सर्वप्रथम मैं पूरे दिल से सभी का आभार प्रकट करना चाहता हूं क्योंकि कल से मुझे जो प्यार और प्रतिक्रिया प्राप्त हो रही है वो मैंने कभी नहीं सोचा था।’

शिवदीप लांडे ने आगे लिखा है कि ‘मेरे कल के त्यागपत्र के बाद से कुछ मीडिया वाले इस संभावना को तलाशने में लगे हैं की शायद मैं किसी राजनितिक पार्टी से जुड़ने जा रहा हूं। मैं इस पोस्ट के माध्यम से सभी को ये बताना चाहता हूं कि मेरी न ही किसी राजनितिक पार्टी से कोई बात हो रही है और न ही किसी पार्टी के विचारधारा से मैं जुड़ने जा रहा हूं। कृपया कर मेरे नाम को किसी के साथ जोड़ कर न देखें।’
गौरतलब है कि एक शख्स जो यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा पास करके पुलिस सेवा में आया हो। जिसके दामन पर एक भी दाग नहीं हो, जो एक साधारण परिवार से आया, वो ‘काजल की कोठरी’ में जाना क्यों चुनेगा? ये जान लीजिए कि शिवदीप लांडे का अगला कदम सबको चौंकाने वाला हो सकता है। ये आईपीएस एक नए रूप में बिहार में ही धमाकेदार वापसी कर सकता है, लेकिन ये भी तय मान लीजिए कि शिवदीप लांडे किसी पॉलिटिकल पार्टी से नहीं जुड़ेंगे।













