Advertisement

डेढ़ करोड़ रुपये से बनेगी बथना राम-बथना डीह सड़क

-डेढ़ करोड़ रुपये से बनेगी बथना राम-बथना डीह सड़क

-कांटी विधायक ने किया शिलान्यास
-मड़वन की पकड़ी पकोही पंचायत के ग्रामीणों को मिलेगी जर्जर सड़क से मुक्ति -जलनिकासी के लिए विधायक निधि से नाला निर्माण कराने का दिया भरोसा

मुजफ्फरपुर। मड़वन प्रखंड की पकड़ी पकोही पंचायत में वर्षों से जर्जर बथना राम से बथना डीह तक जाने वाली सड़क के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। शनिवार को कांटी विधायक अजीत कुमार ने करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़क का नारियल फोड़कर विधिवत शिलान्यास किया। सड़क निर्माण की शुरुआत से स्थानीय ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि अब वर्षों पुरानी आवागमन की समस्या से मुक्ति मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक अजीत कुमार ने कहा कि क्षेत्र के लोगों का उन्हें लंबे समय से स्नेह और समर्थन मिलता रहा है। चुनाव के दौरान उन्होंने इस सड़क के निर्माण का वादा किया था, जिसे पूरा करने की दिशा में पहल की गई है। जनता से किया गया वादा उनके लिए केवल चुनावी घोषणा नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पूर्व के जनप्रतिनिधियों ने इस महत्वपूर्ण सड़क की बदहाली पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया।


विधायक ने कहा कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, किसानों और राहगीरों को काफी परेशानी होती थी। खासकर बरसात के दिनों में आवागमन मुश्किल हो जाता था। उन्होंने ग्रामीण कार्य विभाग के कनीय अभियंता, संबंधित अधिकारियों और संवेदक को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने तथा काम में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क किनारे जलनिकासी की समस्या उठाते हुए नाला निर्माण कराने की मांग की। इस पर विधायक ने अपनी विधायक निधि से नाला निर्माण कराने की दिशा में पहल करने का भरोसा दिया। वहीं, क्षेत्र में बंदरों के बढ़ते उत्पात की समस्या से भी उन्हें अवगत कराया गया। विधायक ने इस मामले को जिलाधिकारी के संज्ञान में लाकर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। सड़क निर्माण से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और ग्रामीण संपर्क व्यवस्था बेहतर होगी।
मौके पर सुधीर कुमार सिंह, अजय चौधरी, राहुल साह, हरेंद्र चौहान, अमल कुमार राय, राम कुमार, अली अहमद, अमल सिंह, पप्पू रजक, राहुल सिंह, डब्लू कुमार, दिवेश शर्मा, मनोज सिंह, मो. जाबिर, रीता चौधरी समेत सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।