-खरना पर घर-घर जले आस्था के दीप, छठ गीतों से भक्तिमय हुआ राजापाकर का माहौल
-36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लेकर व्रतियों ने किया खरना
राजापाकर (संजय श्रीवास्तव)। लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ के दूसरे दिन शनिवार को प्रखंड क्षेत्र में खरना का पर्व श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही छठ व्रतियों ने निर्जला उपवास रखा। शाम को स्नान और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद भगवान सूर्य और छठी मईया को खरना का प्रसाद अर्पित किया।
खरना के प्रसाद में गुड़, चावल और दूध से बनी पारंपरिक खीर, रोटी तथा फल का भोग लगाया गया। पूजा के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया और परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों एवं शुभचिंतकों के बीच प्रसाद वितरित किया। खरना के साथ ही व्रतियों ने 36 घंटे के कठिन निर्जला उपवास का संकल्प लिया।

इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। घरों में छठ पूजा की वेदियों पर घी के दीप जलाए गए। महिलाओं ने पारंपरिक छठ गीत गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। ‘केलवा के पात पर उगलन सूरज देव’ जैसे लोकगीतों की गूंज से गांव की गलियां और घर-आंगन छठमय हो उठे।
वहीं, रविवार को छठ महापर्व के तीसरे दिन व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसे लेकर विभिन्न छठ घाटों पर साफ-सफाई, सजावट और अन्य तैयारियां अंतिम चरण में हैं। घाटों पर रोशनी, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। पूरे क्षेत्र में छठ पूजा को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल बना हुआ है।












