-विश्व मधुमेह दिवस पर समस्तीपुर रेलवे अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम, 89 लोगों की हुई शुगर जांच
-चिकित्सकों ने मधुमेह के कारण, लक्षण और बचाव की दी जानकारी
-संतुलित खानपान व नियमित व्यायाम अपनाने की अपील
समस्तीपुर, 14 नवंबर। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर शनिवार को मंडलीय रेलवे अस्पताल, समस्तीपुर में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 89 मरीजों एवं रेलकर्मियों की ब्लड शुगर जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार चिकित्सीय सलाह दी गई। कार्यक्रम में अस्पताल की मेडिकल टीम, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ के साथ बड़ी संख्या में मरीजों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (प्रभारी) डॉ. श्रीप्रकाश, सहायक मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वाति एस., डॉ. भूपेन्द्र कुमार, डॉ. गौतम कुमार, डॉ. विनय कुमार, डॉ. अंकिता मीना एवं अन्य चिकित्सकों ने मधुमेह से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। चिकित्सकों ने बीमारी के कारणों, लक्षणों, संभावित जटिलताओं, बचाव और नियमित उपचार के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
चिकित्सकों ने बताया कि मधुमेह एक दीर्घकालिक बीमारी है, जिसमें शरीर पर्याप्त इंसुलिन नहीं बना पाता या उसका प्रभावी उपयोग नहीं कर पाता। इससे रक्त में शुगर का स्तर बढ़ जाता है। समय पर पहचान और समुचित उपचार नहीं होने पर यह हृदय, किडनी, आंखों और तंत्रिका तंत्र को प्रभावित कर सकती है। इससे हृदयाघात, स्ट्रोक, किडनी संबंधी परेशानी और दृष्टि संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।

कार्यक्रम में बताया गया कि अंतर्राष्ट्रीय मधुमेह महासंघ (IDF) के वर्ष 2025 में जारी 11वें डायबिटीज एटलस के अनुसार, वर्ष 2024 में दुनिया भर में 20 से 79 वर्ष आयु वर्ग के करीब 58.9 करोड़ वयस्क मधुमेह से प्रभावित थे। वर्ष 2050 तक यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 85.3 करोड़ होने का अनुमान है। वहीं, भारत में वर्ष 2024 में करीब 8.98 करोड़ वयस्क मधुमेह से प्रभावित थे। चिकित्सकों ने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों को अपनी बीमारी की जानकारी तक नहीं होती, इसलिए नियमित स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है।
मधुमेह से बचाव और नियंत्रण के लिए चिकित्सकों ने संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, अत्यधिक मीठे और अधिक कैलोरी वाले खाद्य पदार्थों से परहेज करने तथा रोजाना पैदल चलने, योग और व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी। साथ ही वजन नियंत्रित रखने, समय-समय पर ब्लड शुगर जांच कराने और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार दवाओं का नियमित सेवन करने पर जोर दिया।
चिकित्सकों ने पर्याप्त नींद लेने, तनाव नियंत्रित रखने और धूम्रपान एवं तंबाकू सेवन से दूर रहने की भी सलाह दी। मधुमेह से पीड़ित लोगों को आंखों, किडनी, पैरों और हृदय की नियमित जांच करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि समय पर पहचान, नियमित निगरानी और अनुशासित जीवनशैली अपनाकर बीमारी की गंभीर जटिलताओं से काफी हद तक बचा जा सकता है।
कार्यक्रम का उद्देश्य रेलकर्मियों, उनके परिजनों और अस्पताल में इलाज करा रहे मरीजों को मधुमेह के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। समस्तीपुर मंडल, पूर्व मध्य रेल की ओर से रेलकर्मियों एवं उनके परिवारों के स्वास्थ्य संरक्षण और रोगों की रोकथाम के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।












